Showing posts with label Bollywood. Show all posts
Showing posts with label Bollywood. Show all posts

Wednesday, October 26, 2016

Mahendra Singh Dhoni

My review on movie Mahendra Singh Dhoni untold story

माही दोस्त मजा नहीं आया। सॉरी यारा।

तुम अज़हर नहीं हो ना कि तुम्हे इस महिमामंडन की जरूरत थी।

तुम हो और हम तुम्हे जानते है, यह सब दिखाने की क्या जरूरत थी। प्रियंका झा, साक्षी, सब पता है धोनी हमे।
तुमने कौनसा शतक कब लगाया, जयपुर पारी में कितने छक्के लगाये तुम भूल गए होंगे हम नहीं भूले।

पान सिंह का बेटा, टिकट कलेक्टर धोनी, माता का भक्त धोनी, हैलीकॉप्टर वाला धोनी सब याद हैं हमे।

हाँ, हम विराट को चाहने लगे है पर तुम्हे भूले नहीं है, बिलकुल वैसे ही जैसे हमे आज भी श्रीनाथ, सचिन, राहुल सारे के सारे याद है और अपने पोते पोतियों के होने तक याद रहेंगे। जब हम अपने घर का पता भूल जाएंगे तब भी सौरव का ऑफ़ कट, सचिन का अपर कट और तुम्हारा हैलीकॉप्टर याद रहेगा।

और तुम तो अभी खेलते हो, फिर 22 गज की पट्टी से 72 एमएम तक जाने की जरूरत क्या थी दोस्त।
दोस्त किस संघर्ष की बात कर रहे हो तुम।

तुम दुति चाँद नहीं हो जिसे औरत होने के बावजूद मर्द कहा गया।
तुम मिल्खा नहीं हो जिसने विभाजन की दुखान्तिका देखी हो।
तुम मैरी कॉम नहीं जो आईसीयू में बच्चा होने पर भी पंच मार रही थी।
तुम वो एथलीट नही हो जिसे ज़िंदा रहने के लिए मिट्टी खानी पड़ी हो।

सॉरी दोस्त।

पर तुम एक मिडल क्लास परिवार के बेटे हो, और उस तबके से हो जहां से तीन चौथाई भारतीय आते है, यूपीएससी टॉप करते है, टूटे स्कूटर पर जिम्नास्ट प्रैक्टिस करते है, स्ट्रीट लाइट में पढ़ते है।

लगभग 80 प्रतिशत भारतीय परिवारों में बच्चे के सरकारी नौकरी में रहने का प्रेशर होता है।

याद है ना आर माधवन का थ्री इडियट्स वाला किरदार, जिसे फोटो ग्राफर बनना था पर उसके पिता उसे, इंजीनियर बनते देखना चाहते है। अधिकांश भारतीय परिवारों में बच्चे वही बनते है जो माँ बाप चाहते है, तो क्या अनोखा संघर्ष दिखा रहे हो तुम, दोस्त। तुमने विद्रोह किया, कई करते है, अपने सपनों का पीछा किया कई करते है।

फिल्म खुबसूरत है बेशक खूबसूरत है,सुशांत गजब है, नो डाउट, पर लाखों सवाल है मेरे दिल में।

इस महिमांडन की क्या जरूरत थी दोस्त?
©आशिता दाधीच

Wednesday, September 21, 2016

Amitabh Bachchan

अमिताभ बच्चन

कौन हो आप।

अभी अभी पिंक फिल्म देख कर लौटी, हमेशा शांत रहने वाले भायंदर के मैक्सस मॉल में, आज पहली बार मैंने सीटियां बजते सुनी, तालियां गूंजते देखी, मैक्सस वो मॉल जिसमें मैंने कहानी भी देखी और बीएपास भी, रागिनी एमएमएस और क्वीन भी, भाग मिल्खा भी और हाउसफुल भी, रामलीला भी और रुस्तम भी। हमेशा शांत सा ऊंघता यह थियेटर आज नाच उठा,
और उसके साथ मेरा भी सर ऊंचा हो गया, औरतों के सम्मान की तरफ दिए गए इस उपहार के लिए।

शुक्रिया अमिताभ बच्चन, दीपक सहगल को जीने के लिए।

पर एक बात बताइये,

आप है कौन,
इंसान तो लगते नहीं, हमारी तरह रक्त मांस के बने, आज पच्चीस की उम्र के काम हमे थका ड़ालता है पर आप वक्त की आँखों में आँखे ड़ाल कर कैसे उसे पीछे छोड़े जा रहे है।
जब दीपक सहगल मॉर्निंग वॉक के दौरान hoddiee से मुंह ढंकती प्रोटोगोनिस्ट के चहरे से कपड़ा पीछे करके उसे मुंह दिखाने को कहते है तो अपने औरत होने पर गर्व होता है।

अमिताभ बच्चन
कौन हो आप।
वजीर वाले वो असहाय बुजुर्ग जो आखिरी में सबसे बड़ा सबल होकर निकला या तीन का वो बुजुर्ग जो कुछ न होकर भी सब कुछ कर गया, या कहानी की वो आवाज जो दिखी नहीं पर दिल में समा गई। या बुड्ढा होगा तेरा बाप का वो जवान जिस पर हर युवती दिल हार गई।

या फिर वो विजय और अमित जो अपने बाप को आँख मिला कर कहा सकता था "मैं नाजायज औलाद नहीं बल्कि आप नाजायज बाप हो"
वो निहायत ही दुबला पतला लड़का जिसे मैंने बचपन में दूरदर्शन की फिल्मों में देखा।
जो गुंडों के गोदाम में अकेला जा बैठा और उन्ही को पीट पाट के बाहर आ गया।
जो बंगला गाडी होने के बावजूद भी माँ के लिए तरस गया, माँ का न होना क्या है अपनी आँखों से जता गया।
जो अपने दोस्त वीरू का ऐसा रिश्ता ले कर गया कि आज भी हम पेट पकड़ कर हंस सके।
जो आजादी के बाद मुलभुत आवश्कयता से जूझता भारत का युवा था, जिसे सिस्टम के लिए गुस्सा था, जिसे बदलाव लाना था, जो बेहतर जिंदगी चाहता था, जो रोजमर्रा की तकलीफों से आजिज था।
जिसे माँ बहन और बीबी के काँधे पर सर रख जार जार रोना था, जो मजबूत भी था और मजबूर भी, जो दयनीय भी था और दयावान भी।
जो मोहब्बते का कड़क प्रफेसर था और बागबान का प्यारा सा बाप और बाबुल का ससुर।
कभी बेटे के लिए कभी बहु के लिए, जो बाबुल और विरुद्ध बन कर ड़ट गया,

तुम्हारे हथियार बदल गए
और आप मुख्यधारा में बने रहे
उसका केंद्र बिंदु बन कर

अब आप अपनी माँ का बदला लेने के लिए अग्निपथ पर चल कर पेट्रोल पंप नहीं जलाते, बल्कि बेटी की मौत का बदला लेने के लिए बादशाह बन कर एक पुलिस वाले को अपना वजीर बना कर दुश्मन को घर में घुस कर मारते है।

अब आप सुनसान राहो पर एक मसीहा बन कर नहीं निकलते बल्कि काला कोट पहनकर न सिर्फ पिंक लड़कियों बल्कि पूरी औरत जात के लिए लड़ जाते है।

गजब है आप
अद्भुत

वक्त के साथ चलकर कदम ताल मिला कर वक्त को पछाड़ते है आप।
कितना कुछ सिखाते है।

जो नव्या और आराध्या के बहाने खत लिख कर हमें जीना सिखाते है।
जो औरो बन कर सुपर हैंडसम से सुपर क्यूट हो जाते है।

थैंक यू अमिताभ बच्चन

हमे जीना सिखाने के लिए
हंसने की वजह देने के लिए
प्रेम सिखाने के लिए
दिल में ख्याल लाने के लिए
होली खेलने के लिए
दीवाली मनाने के लिए
बिल्ला नम्बर 786 बाँधने के लिए

अनगिनत बार जात पात धर्म से ऊपर उठा कर एक करने के लिए

शुक्रिया
अमिताभ बच्चन

आपके अरबो फैन में से एक
●आशिता

©आशिता दाधीच


Monday, August 4, 2014

पता था मुझे, I Knew it !

 
पता था मुझे,
एक दिन,
तुम दूर हो जाओगे मुझसे.
नहीं रहोगे,
मेरी बाहों में, पहले की तरह.
एक दिन,
हर वादा, हर कसम भूल कर
फेर लोगे पीठ,
मेरे चेहरे की तरफ.
 
जिंदगी अब भी वैसी ही है जैसी तब थी
हां, अब तुम्हारा स्पर्श नहीं,
सुबह उठाने वाली तुम्हारी आवाज नहीं,
थकान मिटाने वाली तुम्हारी मुस्कान नहीं,
 
दिल को छू जाने वाले तुम्हारी कोई बात नहीं।
 

 
 
 

अब भी,
 
बारिश भिगोती होगी तुम्हारे बाल
सूरज चमकाता होगा तुम्हारा लालट
हवा गुनगुनाती होगी तुम्हारे साथ
दीपक मिटाता होगा अंधेरे का एहसास
 

 
 

 

फूल अब भी खिलते होंगे तुम्हारे बगीचे में
धूप अब भी बिखरती होगी तुम्हारे आँगन में
फिजा अब भी रंगीन होगी तुम्हारी महफ़िल में
इन्द्रधनुष अब भी निकलता होगा तुम्हारे आसमान में
 
बस
मेरी पलखों पर नहीं है छुअन तुम्‍हारे होंठों की
मेरे बालों में नहीं अटकती उंगलियां तुम्हारे हाथों की
मेरे होठों पर नहीं बजती बंसी तेरे गीतों की
मेरे हाथों से नहीं पकती रोटी तेरे नाम की
 
फिर भी
बची है एक स्‍मृति
उन रातों की याद
जीवन रुका नहीं है
जीवन रुकता नहीं है
 
 

Sunday, May 6, 2012

सेलेब्रिटी होने की कीमत


आये दिन अखबार अटे पड़े रहते हैं, ऐश्वर्या राय बच्चन के वजन से जुड़े समाचारों से. प्रेगनेंसी के पांच महीने बीतने के बाद ऐश्वर्या राय का बढ़ता मोटापा इन दिनों हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है. मोटी हो जाने के कारण बच्चन बहू की कुछ लोग आलोचना भी कर रहे हैं. हाल ही में मुकेश अंबानी की पार्टी में पहुंची ऐश की तस्वीरें प्रकाशित होने के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हुआ है. तस्वीरों के इंटरनेट और सोशल मीडिया में आने के बाद लोग इस पर बिल्कुल हैरान हैं। कुछ का कहना है कि ऐश्वर्या अपने वजन को को लेकर गंभीर नहीं है  तो कुछ लोग जोर शोर से उनकी मजाक उडा रहे हैं. लेकिन क्यू यह हैं बहुत स्वाभाविक प्रक्रिया हैं जब गर्भावस्था के दौरान एक स्त्री का वजन बढ़ जाता हैं. इस दौरान उनके शरीर में दो जाने पलती हैं और अपने बच्चे के उत्तम स्वास्थ्य के लिये उसे विटामिन युक्त संतुलित आहार लेना ही होता हैं. बच्चे के जन्म के बाद ज्यादातर माएं मोटी हो ही जाती हैं जो अपने आप ठीक हो जाता हैं. कहते हैं माँ बनकर ही एक औरत को अपने औरत होने पर घमंड होता हैं माँ बनकर ही वह अपने आप को पूरी तरह से औरत महसूस करती हैं. माँ होंने का एहसास एक औरत का और भी खूबसूरत बना देता हैं. यही बात बच्चन बहु पर भी तो लागू होती हैं. वह नारी होने के सुख को उठा रही है क्या हक है हमे उनके इस सुख में खलल डालने का.

किसी भी अन्य महिलाओं की तरह ही गर्भावस्था में बढ़े वजन को घटाने में उन्हें कुछ समय लगेगा ही. वह एक बड़ी  सेलिब्रिटी हैं और हमें उनकी दाद देनी चाहिए की वह इस रूप में भी मीडिया के सामने आने से नहीं हिचकिचा रही हैं. वे अपने मातृत्व का सुख ले रही हैं. एक माँ होने के एहसास को महसूस कर रही हैं एन्जॉय कर रही हैं. प्रेगनेंसी के बाद वजन कम करने में वक्त लगता है.  ऐश के वजन को लेकर लोग इतने चिंतित क्यों हैं यह उनका पर्सनल मुद्दा हैं जन उन्हें व्यावसायिक तौर पर या फिल्मो के लिये या फिर अपने व्यक्तिगत जीवन में वजन कम करने की जरुरत महसूस होगी वे कर लेंगी. इसके लिये उनपर बाहर से दवाब बनाने की जरुरत क्या हैं. क्या एक मशहूर सेलेब्रिटी होंने का यही हर्जाना हैं कि आप उनके व्यक्तिगत जीवन को लेकर इतना चिंतित हो उसमे इतना दखल करे. स्टारडम की यह कीमत तो नहीं कि आप अपने बेहद व्यक्तिगत क्षणों का लोगो को मजाक उड़ाने दे. इतनी बड़ी सेलिब्रिटी होने के बावजूद वह अपने आपको छुपा नहीं रही हैं और मातृत्व का भरपूर आनंद ले रही हैं यह अच्छी बात है. वह इस वक्त को एन्जॉय कर रही हैं जब वजन कम करना होगा कर लेंगी. ऐसे में इस बात को लेकर इतना हो हल्ला मचाने की क्या जरुरत है. हम उन्हें प्यार करते हैं उन्हें सुनहरे पर्दे पर देखना चाहते हैं ठीक हैं. लेकिन क्या इसके लिये हम उन्हें वक्त नहीं दे सकते. अनर्गल और बेतुकी बाते करने से क्या सिद्ध होगा. क्या हम अपनी विश्व सुन्दरी को उनका जीवन उसके अनुसार नहीं जीने देंगे?  

Friday, March 23, 2012

विद्या बागची की कहानी



“कहानी” इस फिल्म की कहानी और पटकथा ने मुझे जितना छुआ शायद ‘पा’ के बाद यह ऐसी दुसरी फिल्म होगी. आज फिल्म देखे चार दिन गुजर चुके हैं लेकिन फिर भी इसके दृश्य आँखों के आगे घूम रहे हैं. डाईलोग कानो में गूंजते से सुनायी देते हैं. इस फिल्म ने एक ऐसी प्यास जगाई है जो इसे बार बार देख कर ही मिटाई जा सकती हैं. “कहानी” पहली फिल्म हैं जिसके बारे में मैं अपने ब्लॉग और फेसबुक नोट्स में लिख रही हूँ. एक बेहतरीन कहानी, गजब का कसा हुआ निर्देशन, अद्भुत सम्पादन, बंगाल की मिट्टी की खुशबू लिये हुए संवाद और सोने में सुगंध लिये हुए विद्या बालन का अभूतपूर्व, अद्वितीय, अनुपम, अतुल्य अभिनय. बोलीवुड की सभी सस्पेंस थ्रिलर पर भारी हैं यह फिल्म, शुरू से आप जो सोचते हैं वो वैसा हैं ही नहीं जैसा वो दिख रहा हैं. शायद फिल्म का एक दृश्य भी आप चूक गए तो यह आपका नुकसान हैं इतनी जल्दी घटनाओं का प्रवेश होता हैं लेकिन फिर भी विद्या और सिर्फ विद्या ही आपके दिमाग में होती हैं. परम्ब्रतो चटर्जी ( राणा ) तो विद्या की सखी और फोलोवर लगते है.  कहानी की कहानी इतनी कास कर गुंथी गई हैं कि शुरू से आखरी तक आपको बांधे रखती हैं. खास कर क्लाईमेक्स जब आप कुछ भी बोल नहीं पाते जो भी आपकी आखों के सामने हो रहा हैं उससे सकते और असमंजस में आकर बस वाह ! क्या बात हैं यही मुँह से निकलता हैं.
जिन्होंने ‘मेरिड टू अमेरिका’ देखी हैं उन्हें शायद विद्या बागची एक बार पति को खोजती मुसीबतों से जूझती और जान हथेली पर लिये चलती “अर्चना जोगलेकर” की झलक दे सकती है, लेकिन विद्या की मेहनत बड़ी हैं वह एक बहुत बड़े उदेश्य के लिये लड़ रही हैं. शतरंज की  इस बिसात पर जिसके नाम पर वह लड रही हैं ना तो वो और उसका वजूद कही हैं और ना उसके दुश्मन उसे दिख रहे हैं. प्रेग्नेंट विद्या अपने बच्चे के लिये जब यहाँ वहाँ धक्के खाती हैं तो हर कोई उससे सहानुभूति जताता हैं लेकिन जब वह दुर्गा बनती हैं तो हर कोई उसे सलाम – प्रणाम करता हैं.
विद्या बालन के रूप में हमे एक ऐसी अदाकारा मिली हैं जो  बदनाम मुन्नी, जवान शीला और चिकली चमेली की तरह सस्ती पब्लिसिटी के पीछे नहीं जाती. “यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भावती भारतं अभ्युत्थानम अधर्मस्य तदात्मानम सृजाम्यहम” विद्या इस बात पर बिलकुल खरी उतरती हैं. जिस बोलीवुड में हीरोइन के लिये चाह कर भी कोई खास काम नहीं निकल पाता था वह सिर्फ एक रूप की सफेद गुडीया बन कर रह जाती थी, वहाँ विद्या अपने अभिनय से कुछ साबित करने निकली हैं, जिसे सार्थक सिनेमा के मायने पता हैं और छिछोरे होते सुनहरे पर्दे पर वह अपनी गंभीरता से अपना नाम लिख रही हैं. जिस तरह के रोल वे कर रही हैं वे सही मायने में भारतीय स्त्री के नजदीक और उसके प्रतिनिधी हैं. डर्टी पिक्चर की सिल्क औरत की अतृप्त इच्छाओं को दिखाती हैं तो पा की माँ एक वात्सल्यमयी लेकिन स्वाभिमानी औरत हैं. जिसे अपने सम्मान का ख्याल है. अगर अभिनय की बात करें तो विद्या बालन नित नए आयम खड़े कर रही हैं. हाल ही में विद्या बालन ने द डर्टी पिक्चर में एक बोल्ड किरदार को पर्दे पर जीवंत किया था और अभी उन पर से उस बोल्ड किरदार का रंग उतरा भी नहीं था कि उन्होंने “कहानी” के द्वारा एक स्त्री के उस वजूद को पर्दे पर साक्षात रूप से जीवंत कर दिया जिसमें स्त्री शक्ति का रूप है, वह अगर चाहे तो कुछ भी कर सकती है कुछ भी. ‘कहानी’ के अंत में बच्चन के जो स्वर सुनायी देते हैं वे विद्या पर भी लागू होते हैं. फिल्म में विद्या बागची द्वारा किये गए साहस की कोई मिसाल नही हैं. कहते हैं अपने मेमने को बचाने के लिये बकरी तक शेर से लड़ जाती हैं. विद्या बागची भी अपने बच्चे के हक के लिये उसके अस्तित्व के लिये अकेली सिस्टम से लड रही हैं. जान को रोज जोखिम में डाल रही हैं. बाब बिस्वास द्वारा उसे मेट्रो के सामने फेकने वाला सीन किसी की भी रूह को कपा देने के लिये काफी हैं. अंतिम दृश्यों में क्या वह नायिका जगदम्बा से कमतर आंकी जा सकती हैं ??  धामजी को मारते वक्त  उसके बाल बिखरे हुए... उडती हुई साडी से जो बात याद आती हैं वो जगदम्बा दुर्गा हैं. पुरी फिल्म  में विद्या असुरों से लड़ती हुए दुर्गा माँ के संघर्ष की  याद दिलाती हैं. विद्या के लिये तो बस एक ही बात दिमाग में आती हैं  कि “इन सब मर्दों में यही तो अकेला इकलौता मर्द हैं”

सात्यकी अर्जुन का रथ संचालक ..हां बिलकुल "कहानी" में सात्यकी सिन्हा विद्या बागची के रथ के संचालक ही तो थे जिसे उसने जहा चाहा वहा ले गई. लेकिन मासूम सा राणा किसी के भी दिल को आसानी से छू लेता हैं. आईबी ऑफिसर का छोटा सा रोल भारतीय सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की मजबूती और जुर्म से लड़ने के तरीकों को बहुत आसानी से दिखाता हैं. आज से पहले पर्दे पर जितने हत्यारे आये वे सब भयावह डरावने दीखते थे लेकिन बाब बिस्वास, इतनी मासूम शक्ल की किसी को भरोसा ना हो कि वह कितना खूंखार हैं.  
अगर अमिताभ बच्चन के गाये हुए “एकला चलो रे” की बात आ कि जाए तो सब व्यर्थ हैं. बंगाली ना होते हुए भी जैसे उन्होंने गाया वो गुरु रविन्द्र नाथ टैगोर को सच्ची श्रद्धांजली हैं. क्लाईमेक्स में उनके द्वारा किया गया वोईस ओवर सुन कर ऐसा लगता हैं कि पुराणों और वेदों में जिस आकाशवाणी की बात कि गई है वह ऐसे ही सुनायी देती होगी. इतनी डिवाइन, अद्भुत और प्युर वोईस हैं वो.
लास्ट बट दा मोस्ट इम्पोरटेंट “निर्देशक फिल्म का असली हीरो होता हैं”  कहानी इतनी अच्छी कभी नहीं बन पाती अगर सुजॉय घोष वहाँ नही होते. अब से पहले कई फिल्मो कई सीरियलों में कोलकाता को देखा लेकिन उस शहर की असली खूबसूरती कभी सामने नहीं आयी.कोलकाता को रंगों और त्यौहार का शहर कहा जाता है और अगर आपको यह बात नजदीक से समझनी है तो इस फिल्म को जरूर देखना चाहिए. कोलकाता की सुंदरता का शायद ही कोई ऐसा रंग हो जिसे निर्देशक ने छोड़ा हो. निर्देशक सुजॉय घोष ने फिल्म के हर भाग को इस कदर पिरोया है जैसे मोतियों की कोई माला.कोलकाता अभी भी युयोर मैजेस्टी की दुनिया में जीता है, जो लंडन से आयी एक गर्भवती महिला को पूरा सम्मान और सत्कार देता है. ये सुजॉय का कोलकता से प्रेम ही था जिसकी वजह से शहर की  खूबसूरती इतनी मजबूती से सामने आयी. जिसने उस जगह से प्रेम किया हैं वही उसे इतना प्रेम लौटा सकता हैं. दुर्गा पूजा के बारे में बहुत सुना, बहुत देखा, बहुत पढ़ा लेकिन ‘कहानी’ में दुर्गा पूजा देखने के बाद ये दिली तमन्ना हैं कि एक बार इसे खुद देखू. नारी में दुर्गा होती हैं यह कई बार सुना था लेकिन सुजॉय घोष ने इसे सिद्ध करके पर्दे पर दिखा दिया !!! 

इतना अद्भुत सिम्बोलईजेशन शायद ही किसी फिल्म में हुआ होगा. कहानी की टीम को सलाम !!! सुजॉय घोष को सलाम !!!